भिण्ड , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार सुबह धर्मपुरी मुक्तिधाम परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सांसद संध्या राय ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के साथ परिसर में सफाई की। इस दौरान जमा कचरा और अपशिष्ट हटाकर विभिन्न हिस्सों की सफाई की गई।
अभियान में सांसद संध्या राय के साथ कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा, जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर, नगर पालिका सीएमओ सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने मुक्तिधाम परिसर के अलग-अलग हिस्सों में सफाई कर कचरा एकत्र किया और परिसर को व्यवस्थित किया।
अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। प्रशासन और नगर पालिका ने नागरिकों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे रोजमर्रा की आदत बनाने की अपील की।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से घरों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का पृथक्करण करने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की अपील की। साथ ही पॉलीथिन के इस्तेमाल को कम करने और जल एवं पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना केवल नगर पालिका या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नागरिकों को भी अपने आसपास की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन सफाई करना नहीं, बल्कि घर, गली, मोहल्ले और वार्ड को अपना मानकर नियमित स्वच्छता बनाए रखना है। सामूहिक भागीदारी से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित