कोलकाता , फरवरी 23 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने उन्हें लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहयोगी और कई राजनीतिक संघर्षों के साथी के रूप में याद किया।
सुश्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि श्री रॉय के निधन से वह "स्तब्ध और दुखी" हैं। उन्होंने उनके राजनीतिक सफर को याद करते हुए टीएमसी से अलग होने और बाद में पार्टी में वापसी का भी उल्लेख किया।
सुश्री ममता बनर्जी ने लिखा कि पार्टी की स्थापना के समय से ही श्री रॉय एक प्रमुख स्तंभ रहे और संगठन के लिए निरंतर काम किया। उन्होंने कहा कि भले ही बाद में उन्होंने "अलग रास्ता" चुना, लेकिन उनकी वापसी और बंगाल की राजनीति व संगठनात्मक रणनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, "दलीय सीमाओं से परे, राजनीतिक जगत उनके अभाव को महसूस करेगा।"मुख्यमंत्री ने श्री रॉय के परिवार, विशेषकर उनके पुत्र शुभ्रांशु रॉय के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "हिम्मत बनाए रखें, इस कठिन समय में हम आपके साथ हैं।"टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी श्री रॉय के निधन को बंगाल की राजनीति के एक युग का अंत बताया। उन्होंने कहा कि श्री रॉय पार्टी के संस्थापक स्तंभों में से एक थे और प्रारंभिक वर्षों में संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका सार्वजनिक जीवन के प्रति समर्पण हमेशा प्रशंसा के साथ याद किया जाएगा।
विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी शोक व्यक्त किया। भाजपा विधायक दल की ओर से श्री अशोक डिंडा, श्री नरहरी महतो और श्री पवन सिंह विधानसभा में अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित