अंबिकापुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर ग्रामीणों ने तीन महिलाओं की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। जोगीबांध के पास बीच सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। करीब आधे घंटे से जारी इस जाम को खत्म कराने के लिए पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर लगातार समझाइश दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह आक्रोश रविवार की देर शाम मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भिट्ठीकला के पास हुए दर्दनाक हादसे के बाद भड़का है। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही तीन महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए और चालक की पिटाई कर दी। पुलिस ने चालक पारसनाथ राजवाड़े को हिरासत में लेकर उपचार के लिए भेजा। मृतक महिलाएं जोगीबांध गांव की निवासी थीं। पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की, लेकिन ग्रामीण इसे अपर्याप्त बताते हुए मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।

इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर के ग्राम भिट्ठीकला में तीन महिलाओं की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। साथ ही, घायल महिला के समुचित उपचार और हर संभव प्रशासनिक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि सरगुजा जिले में एक ही दिन में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल आठ लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार सुबह गांधी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सकालो के पास एक ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर में तीन लोगों की जान चली गई। इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।

इसके अलावा, रविवार रात मणिपुर थाना क्षेत्र में ही एक पिकअप वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और मौतों के कारण क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। प्रशासन लोगों को शांत करने और यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित