धार , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के बाग थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग बालिका को पुलिस ने मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कुक्षी स्थित न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुशील पिता कुलदीप राजभर (24), निवासी ग्राम गोमकोठी, तहसील फूलपुर, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) की पहचान नाबालिग बालिका से गुजरात के मोरबी क्षेत्र में काम करने के दौरान हुई थी। बालिका के अपने गांव लौटने के बाद आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों की रिपोर्ट पर बाग पुलिस ने 17 अगस्त को बीएनएस की धारा 137(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान आरोपी के मुंबई के तिलक नगर क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद गठित पुलिस टीम मुंबई पहुंची और आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल मुक्त कराया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को कुक्षी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बालिका को आवश्यक कार्रवाई के बाद सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। कार्रवाई में बाग थाना प्रभारी हीरूसिंह रावत, डेहरी चौकी प्रभारी भूपेंद्र खरतीया, सहायक उप निरीक्षक गोरेलाल शुक्ला, आरक्षक प्रीतम सहित पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित