मुंबई , अक्टूबर 25 -- मुंबई में उपनगरीय लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में एक यात्री के बैग में पावर बैंक फटने से आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा- तफरी मच गयी और ट्रेन को घाटकोपर स्टेशन पर कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को इसकी पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को लोकल ट्रेन नंबर डीबीएल-2 में घाटकोपर पहुंचने से कुछ देर पहले हुई। खबर है कि एक यात्री के बैग में रखा पावर बैंक फट गया, जिससे बैग में आग लग गई। यात्रियों ने तुरंत रेलवे अधिकारियों को अलर्ट करने के लिए चेन खीचीं। कुछ यात्रियों ने जलते हुए बैग को डिब्बे से बाहर फेंक दिया और पानी से आग बुझाई, जिससे आग कोच के दूसरे हिस्सों में नहीं फैल पाई।

उन्होंने बताया कि ट्रेन कल दोपहर 12.51 बजे से 12.53 बजे तक घाटकोपर स्टेशन पर रुकी रही। टीएसआरटी स्टाफ घटना पर पहुंचा और अलार्म चेन को ठीक किया और मौके की तस्वीरें लीं।

जिस यात्री के बैग में आग लगी थी, उसकी जानकारी रिकॉर्ड नहीं की जा सकीं। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से कहा है कि वे ट्रेन में पावर बैंक और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाते समय सावधानी बरतें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे खराब पावर बैंक न ले जाएं और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को ओवरचार्ज न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित