मुंबई , जून 30 -- मुंबई शहर (बृहन्मुंबई महानगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में) में 2026 की पहली छमाही (जनवरी - जून 2026) के दौरान प्राइमरी और सेकेंडरी, दोनों सेगमेंट में कुल 80,221 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले छह प्रतिशत ज़्यादा है। इन ट्रांज़ैक्शन से स्टाम्प ड्यूटी के ज़रिए राज्य सरकार का राजस्व पिछले साल के मुकाबले चार प्रतिशत बढ़कर 6,968 करोड़ रुपये हो गया। यह जानकारी संपत्ति बाजार की परामर्शदाता कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया की मंगलवार को जारी रिपोर्ट में दी गयी।
रिपोर्ट के मुताबिक इन दोनों ही मामलों में 2013 के बाद से पहली छमाही का यह सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा। जून 2026 में मुंबई में 13,302 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन होने का हनुमान है, जो पिछले साल के मुकाबले 15 प्रतिशत ज़्यादा है। यह पिछले 14 सालों में जून के महीने में दर्ज किए गए सबसे ज़्यादा प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन होंगे, जो शहर के रेजिडेंशियल मार्केट में लगातार हो रही बढ़ोतरी को दिखाते हैं। उम्मीद है कि महाराष्ट्र सरकार इस महीने स्टाम्प ड्यूटी से लगभग 1,077 करोड़ रुपये का राजस्व कमाएगी।
जून 2026 के आंकड़े 2025 में दर्ज किए गए पिछले सबसे ऊंचे स्तर को भी पार कर जाएंगे, जो ऊंचे बेस के बावजूद मुंबई के हाउसिंग मार्केट की मज़बूती को साबित करते हैं। जहां रजिस्ट्रेशन में सालाना 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, वहीं स्टाम्प ड्यूटी कलेक्शन में सालाना चार प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। इससे पता चलता है कि ट्रांज़ैक्शन मिक्स में बदलाव आया है, जिसमें पिछले साल की तुलना में मिड-मार्केट सेगमेंट में रजिस्ट्रेशन का हिस्सा ज़्यादा है।
महीने-दर-महीने के आधार पर मई 2026 की तुलना में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में सात प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, जबकि स्टाम्प ड्यूटी से होने वाले राजस्व का स्तर करीब करीब स्थिर रहा रहा।
नाइट फ्रैंक इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में स्टाम्प ड्यूटी कलेक्शन काफी हद तक स्थिर रहा, जिससे पता चलता है कि औसत सौदे के मूल्य में कमी आई है। वहीं, रजिस्ट्रेशन में अच्छी बढ़ोतरी यह संकेत देती है कि मांग केवल ज़्यादा कीमत वाले ट्रांज़ैक्शन तक सीमित न रहकर खरीदारों के अलग-अलग वर्गों में फैल रही है। यह मुंबई के रेजिडेंशियल मार्केट की मज़बूती और स्थिरता को और पुख्ता करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित