मुंबई , अक्टूबर 26 -- मुंबई अपराध शाखा ने 2.66 टन टमाटर से लदा टेंपो चोरी करने और टमाटर बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी की पहचान सायन कोलीवाड़ा निवासी रंजन रामचंद्र जायसवाल के रूप में हुई है। उसे एंटॉप हिल से गिरफ्तार किया गया। वह इससे पहले केले की चोरी के एक मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है।

अपराध शाखा की इकाई के अनुसार, टेंपो धारावी निवासी 32 वर्षीय सब्जी थोक व्यापारी नसीम दिलावर कुरैशी का था। आरोप है कि टेंपो को दिन के शुरुआती घंटों में सांताक्रूज की एक सब्जी मंडी से चोरी किया गया था। टेंपो में टमाटरों की 95 क्रेट थीं, जिनका कुल वजन करीब 2,660 किलोग्राम था। टमाटरों की यह खेप अहमदनगर से लाई गई थी।

पुलिसकर्मियों को गश्त के दौरान जीटीबी नगर रेलवे स्टेशन के पास और सायन कोलीवाड़ा बाजार में ठेले पर 25 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से टमाटर बेचते हुए कुछ विक्रेता मिले। उस समय बाजार में टमाटर की कीमत 60 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

टमाटर कम कीमत पर बेचे जाने पर चोरी का संदेह होने के कारण पुलिस ने विक्रेताओं से पूछताछ की। इस दौरान विक्रेताओं ने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को थोक व्यापारी बताकर उन्हें कम कीमत पर टमाटर बेचे थे।

विक्रेताओं से मिली जानकारी के आधार पर अपराध शाखा ने आराेपी रंजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.98 टन टमाटर बरामद किए। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन टमाटरों को दादर और अन्य बाजारों में बेचने की योजना बना रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित