मुंबई , अक्टूबर 28 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई में आयकर विभाग के एक निरीक्षक को 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
आरोपी आयकर विभाग के स्कंधिया हाउस स्थित कार्यालय की जांच शाखा में तैनात था। सीबीआई ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई ने मुंबई निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर 27 अक्टूबर को आयकर निरीक्षक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने आयकर विभाग की बेनामी निषेध इकाई में लंबित बेनामी संपत्ति से जुड़े मामले को बंद कराने के लिए उससे 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद आरोपी 15 लाख रुपये लेने पर सहमत हो गया।
सीबीआई ने 27 अक्टूबर को जाल बिछाया और शिकायतकर्ता से 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के परिसरों की तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज और 11 लाख रुपये नकद बरामद किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित