मुंबई , जून 27 -- महाराष्ट्र में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार को धारदार हथियार लहराने और दहशत फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना सीएसएमटी के बाहर माता रमाबाई अंबेडकर मार्ग पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई, जो मुंबई के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है।

आरोपी की पहचान वकार अनवर शेख (22) के तौर पर हुई है। उसे हथियार (कोयता) लहराते और आने-जाने वाले लोगों तथा उसके साथ मौजूद एक महिला को डराते-धमकाते देखा गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

पुलिस ने बताया कि एक नागरिक ने एक्स पर घटना के बारे में पोस्ट करके उन्हें सूचित किया, जिसके बाद सहायक पुलिस निरीक्षक संध्या निकम के नेतृत्व में एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस ने आरोपी को पीछे से काबू किया और उससे हथियार छीन लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि शेख उसका पति है। वे दोनों घूमने आए थे, तभी उनके बीच बहस हो गई। इसके बाद उसने अपने बैग से 'कोयता' निकाला और महिला तथा आसपास मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, उस पर पहले भी कई अपराधों के मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित