मुंबई , जुलाई 13 -- महाराष्ट्र में मुंबई के मुलुंड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक वातानुकूलित लोकल ट्रेन का एसी खराब होने से कई महिला यात्री बेहोश हो गयीं और अन्य लोगों को दम घुटने की शिकायत हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन जब प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी थी, तभी उसके एसी यूनिट ने काम करना बंद कर गया, जिससे कोच के अंदर तापमान और उमस तेज़ी से बढ़ गयी। एसी करीब 15 मिनट तक बंद रहा।
उन्होंने बताया कि हवा का आवागमन कम होने से यात्रियों, खासकर महिलाओं को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। डिब्बे के अंदर कुछ महिला यात्री बेहोश हो गयीं।
साथी यात्रियों ने तुरंत मदद की और प्रभावित महिलाओं को ट्रेन से बाहर निकाला और प्लेटफॉर्म पर प्राथमिक उपचार दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि एसी खराब होने के कारण का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित