मुंबई , नवंबर 25 -- मुंबई महानगर में अंडरवर्ल्ड के पैर पसारने को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच बुधवार को माटुंगा इलाके में अज्ञात लोगों ने 'पीसी जैन ज्वेलर्स' पर फायरिंग की जिससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों में दहशत फैल गयी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने मध्य मुंबई के माटुंगा में शोभा होटल के पास स्थित ज्वेलरी शोरूम पर 5-6 राउंड गोलियां चलायी और फिर मौके से फरार हो गये। घटना के बाद माटुंगा पुलिस थाने की एक टीम, क्राइम ब्रांच के कर्मी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
घटना में अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की रिपोर्टें नहीं है। फायरिंग के पीछे का मकसद क्या था और हमलावर कौन थे, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस घटना से जुड़े हालात की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित