नागपुर , जुलाई 06 -- मुंबई में भारी बारिश के कारण सोमवार को उड़ानें बाधित हो गयी , वहीं राज्य के एक मंत्री तथा कई विधायक शहर के हवाई अड्डे पर फंस गये और विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन शामिल नहीं हो सके।
ये नेता मुंबई के लिए सुबह की उड़ान पकड़ने के लिए नागपुर हवाई अड्डे पहुंचे थे। मुंबई में खराब मौसम के कारण उनकी उड़ान में देरी होने की वजह से वे लगभग डेढ़ घंटे तक फंसे रहे। इनमें राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक विकास ठाकरे, समीर मेघे और प्रवीण दटके के साथ-साथ विधान परिषद सदस्य राजीव पोतदार शामिल थे।
मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं के मौसम पूर्वानुमान के बाद महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया।
हवाई सेवाओं में व्यवधान के कारण नागपुर के विधायक दिन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए समय पर मुंबई नहीं पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित