मुंबई , जुलाई 20 -- महाराष्ट्र में मुंबई के पूर्वी उपनगर मानखुर्द में सायन-पनवेल हाईवे पर सोमवार सुबह बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) की एक बस के बेकाबू होने और सड़क के डिवाइडर से टकराने के कारण 65 वर्षीय एक पैदल यात्री की मौत हो गयी जबकि बेस्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह 9 बजे विश्वकर्मा अस्पताल के पास हुई, जब वाशी की ओर जा रही रूट नंबर 501 की कथित तौर पर अपनी लेन से हटकर बीच के डिवाइडर से टकरा गयी। घटना में भास्कर रावसाहेब पांडे (65) गंभीर रूप से घायल हो गये, जो दुर्घटना के समय डिवाइडर के पास खड़े थे।

राजावाड़ी अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि पांडे को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल लाया गया था, लेकिन भर्ती करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

बस चालक बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा (51) और कंडक्टर वैभव वाघमारे (41) भी दुर्घटना में घायल हो गये और उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित