मुंबई , जुलाई 23 -- बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने पिछले 24 घंटों से जारी मानसूनी बारिश ने मुंबई में पीने के पानी के भंडार में भारी सुधार किया है और शहर को पानी की आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों का कुल जलस्तर बढ़कर उनकी कुल क्षमता का 69.74 प्रतिशत हो गया है।

बीएमसी के जल इंजीनियर विभाग की ओर से जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार,जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हुई बारिश के चलते बुधवार सुबह छह बजे से गुरुवार सुबह छह बजे के बीच जलाशयों के जलस्तर में 7.84 प्रतिशत की तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गयी। अपर वैतरणा, मोदक सागर, तानसा, मिडल वैतरणा, भातसा, विहार और तुलसी-इन सात झीलों में अब कुल 14,47,363 मिलियन लीटर की क्षमता के मुकाबले 10,09,432 मिलियन लीटर पानी जमा हो चुका है, जिससे मुंबई का जल भंडार 70 प्रतिशत के करीब पहुँच गया है।

मोदक सागर गुरुवार तड़के 2:07 बजे अपनी पूरी क्षमता तक पहुँचने के बाद 'ओवरफ्लो' होने लगा, जो इस मानसून में ओवरफ्लो होने वाला चौथा जलाशय बन गया है। इससे पहले इस महीने सात जुलाई को विहार और तुलसी, जबकि बुधवार को तानसा झील ओवरफ्लो हुई थी। अन्य जलाशयों में मुंबई को पानी देने वाला सबसे बड़ा स्रोत भातसा झील 65.01 प्रतिशत भर चुका है। वहीं मिडिल वैतरणा 62.27 प्रतिशत और अपर वैतरणा 49.41 प्रतिशत तक भर गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित