मुंबई , अक्टूबर 09 -- महाराष्ट्र के गृह विभाग ने शुक्रवार को नवी मुंबई में पुलिस हिरासत में हुई 38 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत की जांच का जिम्मा राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी।
मृतक के परिजनों ने उसकी मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाये थे। मृतक की पहचान संजय कांतू यादव के रूप में हुई है। उसे नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर से बिजली के तारों की कथित चोरी के मामले में चार अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।
यादव को एनआरआई तटीय पुलिस थाने की हवालात में रखा गया था, जहां गुरुवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी। पुलिस के अनुसार, उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गृह विभाग के आदेश के बाद सीआईडी ने शुक्रवार को मामले की जांच शुरू कर दी। सहायक पुलिस आयुक्त संदेश नाइक ने संवाददाताओं को बताया कि यादव की मौत अचानक दिल का दौरा पड़ने से हुई हो सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
जेजे अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। आरोपी की मौत पुलिस हिरासत में होने के कारण अधिकारी हिरासत में मौत के मामलों की जांच के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं।
यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला था और नवी मुंबई के उलवे स्थित अनंत टावर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले पनवेल ग्रामीण अस्पताल में उसकी चिकित्सकीय जांच करायी गयी थी। पुलिस ने बताया कि उसने न तो उस जांच के दौरान और न ही अदालत में पेश किए जाने के समय किसी स्वास्थ्य समस्या की शिकायत की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित