मुंबई , सितंबर 05 -- मुंबई में शनिवार को दही हांडी उत्सव के दौरान मानव पिरामिड बनाने और हांडी फोड़ने में शामिल 168 गोविंदा घायल हो गए। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने यह जानकारी दी।
सरकारी और नगर निकाय के अस्पतालों से प्राप्त संयुक्त आंकड़ों के अनुसार, घायलों में 29 को अस्पताल में भर्ती कराया गया, 81 का उपचार चल रहा है जबकि 58 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी।
मध्य मुंबई के अस्पतालों में सबसे अधिक 106 मामले सामने आए। इनमें 18 लोगों को भर्ती कराया गया, 52 का उपचार चल रहा है और 36 को छुट्टी दे दी गयी।
पूर्वी उपनगरों के अस्पतालों में 29 घायल पहुंचे, जिनमें छह भर्ती हैं, आठ का उपचार चल रहा है और 15 को छुट्टी दी जा चुकी है। पश्चिमी उपनगरों में 33 मामले सामने आए, जिनमें पांच भर्ती, 21 उपचाराधीन और सात को छुट्टी दी गयी।
केईएम अस्पताल में सबसे अधिक 33 घायल पहुंचे, जिनमें छह भर्ती हैं, 12 का उपचार चल रहा है और 15 को छुट्टी दी जा चुकी है। राजावाड़ी अस्पताल में 20, नायर अस्पताल में 17, पोतदार अस्पताल में 16, हिंदुजा अस्पताल में 14, बीडीबीए अस्पताल में 13 और सायन अस्पताल में आठ मामले सामने आए।
जन्माष्टमी के अवसर पर मनाया जाने वाला दही हांडी उत्सव भगवान कृष्ण के बाल रूप की लीलाओं का प्रतीक है। इसमें गोविंदाओं की टोलियां कई स्तरों वाला मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकाई गई मिट्टी की हांडी तक पहुंचती हैं और उसे फोड़ती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित