मुंबई , मार्च 22 -- भारत ने पहली बार 'ग्लोबल एस्पोर्ट्स गेम्स' के वर्ल्ड फाइनल्स की मेजबानी कर वैश्विक खेल के मंच पर महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। 19 से 22 मार्च, 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 19 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

इस आयोजन में भारतीयों का जलवा रहा। क्लैश रॉयल गेम में जहां प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं डोटा 2 में टीम ने तीसरे स्थान पर रहकर पोडियम फिनिश किया।

सिंगापुर, इस्तांबुल और रियाद में सफल आयोजनों के बाद इस टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार दक्षिण एशिया में किया गया। इस प्रतियोगिता में 'डोटा 2' और 'क्लैश रॉयल' जैसे लोकप्रिय स्पोर्ट्स गेम शामिल थे। इसमें अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, ब्रिटेन, इंडोनेशिया और तुर्की सहित अधिकतर प्रमुख देशों ने भाग लिया।

क्लैश रॉयल गेम में भारत की टीम इंडिया अनुहित को प्रथम, कजाकिस्तान मिको को दूसरा और अमेरिका वॉलेस को तीसरा स्थान मिला। वहीं डोटा 2 में तुर्की की टीम पहले, मंगोलिया की टीम दूसरे और इंडिया की टीम तीसरे स्थान पर रही।

इस अवसर पर एस्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन (ईएसजीएफ) ने भारतीय खिलाड़ियों को आधिकारिक राष्ट्रीय जर्सी प्रदान की, जिससे उनका मनोबल बढ़ा और वैश्विक मंच पर भारत की पहचान और मजबूत हुई।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई में इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी करना बड़े गर्व की बात है। उन्होंने गेमिंग, क्रियेटर इकोनॉमी और डिजिटल बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए राज्य की प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने 'आईआईसीटी' की स्थापना और युवाओं के लिए 'हब-एंड-स्पोक' मॉडल के तहत प्रशिक्षण पहल के माध्यम से कंटेंट क्रिएशन में शिक्षा को प्रोत्साहित करने की योजनाओं पर का भी उल्लेख किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित