मुंबई , जुलाई 08 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के उपनगरीय इलाके कांदिवली में एक कुएं में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना तब हुई जब किशोर शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच अपने दो दोस्तों के साथ तैर रहा था। मृतक की पहचान कांदिवली पश्चिम के रहने वाले प्रीत संदीप गाणवे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से कुएं का जलस्तर अचानक बहुत बढ़ गया था। खतरे के बावजूद तीनों दोस्त सात जुलाई की दोपहर कुएं में तैरने के लिए उतर गए। कुछ समय बाद उनमें से दो दोस्त सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। जब प्रीत काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो स्थानीय लोगों ने शोर मचाया।
कांदिवली पुलिस, मुंबई दमकल विभाग और एक बचाव दल ने मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू किया और प्रीत के शव को कुएं से बाहर निकाल लिया। पुलिस ने बताया कि माले को कांदिवली थाने में दर्ज कर लिया गया है और सभी कोणों से मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़का गहरे पानी में जाने के कारण डूब गया।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे मानसून के दौरान कुओं, नालों और अन्य जल निकायों से दूर रहें, क्योंकि पानी का स्तर अचानक बढ़ सकता है और यह जानलेवा साबित हो सकता है।
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच इस हफ्ते पानी से जुड़ी यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित