मुंबई , अगस्त 21 -- मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को 26/11 आतंकी हमले के मामले की सुनवाई कर रही विशेष अदालत को बताया कि पाकिस्तान में रह रहे छह फरार आरोपियों के खिलाफ उद्घोषणा आदेश जारी करने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन इसे पूरा करने के लिए और समय चाहिए।
विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम ने अदालत को बताया कि 30 जून को जारी उद्घोषणा आदेश केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया गया था, और मंत्रालय ने तीन अगस्त को इसके मिलने की पुष्टि की थी। उम्मीद है कि इसके बाद यह आदेश आरोपियों तक पहुंचाने के लिए इंटरपोल को भेजा जाएगा।
अभियोजन पक्ष ने इन छह आरोपियों के खिलाफ उद्घोषणा के लिए एक नयी याचिका दाखिल की है। नये आपराधिक कानून के तहत फरार आरोपियों के खिलाफ उनकी अनुपस्थिति में कार्यवाही शुरू करने से पहले यह एक प्रक्रियात्मक आवश्यकता है।
अभियोजन पक्ष ने कहा कि औपचारिकताओं को पूरा करने और आदेशों की तामील के लिए और समय की आवश्यकता है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सत्यनारायण रामजीवन नवंदर ने अधिकारियों को इंटरपोल के माध्यम से छह पाकिस्तानी भगोड़ों को औपचारिक कानूनी नोटिस तामील करने के लिए समय देते हुए कार्यवाही 17 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित