मुंबई , सितंबर 07 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक सतर्क नागरिक सना खान ने रविवार रात लगभग 11 बजे मुंबई कोस्टल रोड सुरंग के भीतर पीले और लाल रंग की सुपरकारों सहित करीब 6-7 विलासितापूर्ण गाड़ियों की रेस को अपने कैमरे में कैद कर लिया है और पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस वीडियो में ये वाहन अत्यधिक तेज गति से दौड़ते और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आये इस वीडियो में वाहनों को यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए बेहद तेज रफ्तार से भागते देखा जा सकता है। गौरतलब है कि कोस्टल रोड पर सीधे रास्तों के लिए अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा, सुरंगों के भीतर 60 किलोमीटर प्रति घंटा और मोड़ों पर 40 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गयी है।
वीडियो के तेजी से प्रसारित होने के बाद मरीन ड्राइव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
पुलिस ने बताया कि वाहनों की पहचान कर ली गयी है और संदिग्धों को शीघ्र ही हिरासत में लिया जायेगा। मामले की जांच जारी है।
इसी तरह की पूर्व की घटनाओं में भी मरीन ड्राइव पुलिस ने सुरंग के भीतर लापरवाही से वाहन चलाने और खतरनाक करतब दिखाने के आरोप में 14 वाहनों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किये थे।
नागरिकों की शिकायतों के बाद, सुपरकारों की रेस पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने मरीन ड्राइव से वर्ली के बीच 10 किलोमीटर के दायरे में यातायात निगरानी वाहन तैनात किये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित