मुंबई , अप्रैल 21 -- मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर मंगलवार को उस समय एक गंभीर हादसा होने से बच गया जब दो उपनगरीय लोकल ट्रेनें एक ही पटरी और प्लेटफॉर्म पर आ गयी थीं लेकिन एक मोटरमैन की सतर्कता के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

इस घटना के कारण सेंट्रल रेलवे नेटवर्क पर सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के अनुसार, एक लोकल ट्रेन पहले से ही एक प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी तभी गलती से दूसरी आने वाली लोकल ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर चार के बजाय प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर जाने का संकेत दे दिया गया। परिणामस्वरूप, ट्रेन गलत रूट पर चली गई और उसी ट्रैक पर पहुंच गई जहां पहले से ट्रेन खड़ी थी।

सामने से आ रही ट्रेन के मोटरमैन ने समय रहते ब्रेक लगा दिया जिससे ट्रेन दूसरी लोकल ट्रेन से लगभग 270 मीटर दूर रुक गई और एक संभावित गंभीर टक्कर टल गई। रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि करते हुए कहा कि घटना के बाद तत्काल कार्रवाई की गई।

स्थिति को संभालने के लिए स्टेशन पर रेल सेवा अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। गलत मार्ग पर चल रही ट्रेन को बाद में प्लेटफार्म नंबर पांच से वापस प्लेटफार्म नंबर चार पर सिग्नल ठीक करके भेजा गया। इससे मुख्य लाइन पर सेवाओं में अल्पकालिक व्यवधान उत्पन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित