मुंबई , अक्टूबर 30 -- मुंबई के नेशनल क्रिकेट क्लब (एनसीसी) ने हाल ही में आयोजित टैलेंट हंट के जरिये चुने गए होनहार युवा क्रिकेटरों के नामों की घोषणा के लिए आज क्लब परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया। इस टैलेंट हंट के माध्यम से कुल 45 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें 16 बल्लेबाज, 14 गेंदबाज, 12 ऑलराउंडर और 3 विशेषज्ञ विकेटकीपर शामिल हैं।

नेशनल क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष और मुंबई टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन राजदीप गुप्ता की ओर से आयोजित इस समारोह में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर एमसीए की शीर्ष परिषद के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

एनसीसी, क्रॉस मैदान, मरीन लाइंस में 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस टैलेंट हंट का उद्देश्य 16 से 23 वर्ष की उम्र के ऐसे प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की पहचान करना था, जिन्हें बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और पेशेवर कोचिंग का अवसर नहीं मिल पाता है। चयन प्रक्रिया की जिम्मेदारी किरण देसाई (कोच केडी) ने संभाली। किरण देसाई लेवल-4 और आईसीसी लेवल-3 कोच हैं। वह टी-20 मुंबई में नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के मुख्य कोच रह चुके हैं। चयन समिति में उनके साथ राहुल पांडे (सेक्रेटरी, नेशनल क्रिकेट क्लब), रवींद्र सोलंकी (बॉलिंग कोच), जितेंद्र कनौजिया (मैनेजर, नेशनल क्रिकेट क्लब), और प्रमोद यादव और संजय निकम (एडवाइजरी कमेटी मेंबर) भी थे।

समारोह में चयनित खिलाड़ियों को क्रिकेट किट प्रदान की गई। इसके अलावा उन्हें ये मौके भी मिलेंगे:- एनसीसी और एमसीए से संबद्ध विभिन्न क्लबों की ओर से खेलने का अवसर।

- मुंबई की प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग में जगह बनाने का रास्ता।

- अनुभवी अंतरराष्ट्रीय कोचों के मार्गदर्शन में एनसीसी में एक साल तक मुफ्त क्रिकेट कोचिंग।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित