मुंबई , अगस्त 11 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में जारी मानसूनी बारिश के बीच शहर को पानी आपूर्ति करने वाली सात झीलों का कुल जलभंडारण बढ़कर 89.05 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

जल अभियंता विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह छह बजे तक झीलों में कुल उपयोगी जलभंडारण क्षमता 14,47,363 लाख लीटर के मुकाबले 12,88,833 लाख लीटर पानी की उपलब्धता दर्ज की गयी है। हालांकि, यह मौजूदा स्तर वर्ष 2025 के 89.17 प्रतिशत और 2024 के 92.20 प्रतिशत की इसी अवधि की तुलना में थोड़ा कम है।

विभाग के अनुसार तुलसी और विहार झीलें शत-प्रतिशत भर चुकी हैं। जबकि मोडक सागर 99.99 प्रतिशत क्षमता के साथ लगभग पूरी तरह भरा हुआ है। तानसा 99.10 प्रतिशत क्षमता पर है। मिडिल वैतरणा की 91.87 प्रतिशत क्षमता, भातसा 86.43 प्रतिशत क्षमता पर है जबकि सबसे कम पानी अपर वैतरणा में हैं। यहां झील की जलग्रहण क्षमता 80.57 प्रतिशत तक पहुंच गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित