मुंबई , अगस्त 24 -- महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के मामले में मुंबई के नौ प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इनमें मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के पांच आउटलेट भी शामिल हैं।

एफडीए ने सोमवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि यह कार्रवाई राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जिन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गये हैं, उनमें एम/एस मुंबई क्रिकेट संघ के परमिट रूम, पवेलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर शामिल हैं। इनके अलावा संकल्प महिला औद्योगिक उत्पादक सहकारी सोसाइटी लिमिटेड, एम/एस लेनेक्सिस फूडवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड, कैफे कैडेल, शिवाजी पार्क और मुलुंड स्थित चाइना टाउन फास्ट फूड सेंटर के लाइसेंस भी निलंबित किए गये हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार 20 से 24 अगस्त के बीच किए गये निरीक्षण के दौरान एफडीए को चाइना टाउन फास्ट फूड सेंटर में कई गंभीर कमियां मिलीं। वहां कृत्रिम रंगों और मोनोसोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी) का अत्यधिक इस्तेमाल किया जा रहा था। बार-बार गर्म किए गये और ऑक्सीकृत तेल का इस्तेमाल हो रहा था।

इसके साथ ही वहां कॉकरोच भी पाए गये। सीढ़ियों के नीचे खुले और अस्वच्छ स्थान में पका हुआ चावल रखा गया था। जंग लगे बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के बीच मिलावट होने की स्थिति थी और उचित जल निकासी की व्यवस्था भी नहीं थी।

विज्ञप्ति में बताया गया कि कैफे कैडेल, पुणे के मोरया मिसल और नागपुर के साओजी उपहार गृह में भी शेड्यूल-4 के नियमों का इसी तरह उल्लंघन पाया गया। इसके बाद इन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गये।

एफडीए ने कहा कि उसने 'महाराष्ट्र में हर स्कूली बच्चे के लिए सुरक्षित भोजन' अभियान के तहत 28 जुलाई से 21 अगस्त तक कार्रवाई तेज की। इस दौरान 98 कार्यशालाएं आयोजित की गयीं, जिनमें 22,433 स्कूलों और 25,108 शिक्षकों को शामिल किया गया। 250 स्कूलों का निरीक्षण किया गया और स्कूल परिसरों के 50 मीटर के दायरे में खाद्य कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 11 लाइसेंस निलंबित किए गए, चार लाइसेंस रद्द किए गये और दो प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया।

दूध और दूध से बने उत्पादों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में एफडीए ने 7,332 लीटर दूध, 104 किलोग्राम दही और 88.4 किलोग्राम क्रीम जब्त की। इनकी कुल कीमत 2,55,592 रुपये थी। पुणे के इंदापुर स्थित माउली मिल्क एंड एग्रो प्रोडक्ट्स और सांगली के मिरज स्थित मयक्का मिल्क कलेक्शन सेंटर से लिए गए गाय के दूध के नमूने घटिया और मिलावटी पाए गये।

प्रतिबंधित पान मसाला और गुटखा के खिलाफ चलाए गए अभियान में एफडीए ने 21 से 23 अगस्त के बीच 13 प्राथमिकी दर्ज कीं, 17 लोगों को गिरफ्तार किया और 6,61,888 रुपये का माल जब्त किया। बृहन्मुंबई, कोंकण और नासिक मंडलों में 3.96 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया। कोंकण में आठ लाख रुपये मूल्य का एक वाहन भी जब्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित