मुंबई , अक्टूबर 10 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे सहित अन्य मांगों को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान और सामाजिक कार्यकर्ता एवं महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी सहित कई प्रसिद्ध हस्तियों और युवाओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यहां करीब 400 युवाओं को हिरासत में लिया गया। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने यहां विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसके चलते कई युवा यहां पहुंचे। पुलिस शिवसेना (यूबीटी) के विधायक वरुण सरदेसाई, तुषार गांधी और उनकी बेटी कस्तूरी गांधी और श्री खान को मैदान से ही हिरासत में ले लिया गया।
श्री तुषार गांधी के संगठन 'हम भारत के लोग' के आह्वान पर दोपहर में एक सभा का आयोजन होना था लेकिन पुलिस का कहना है कि इस आयोजन के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं दी गई थी। इसके कारण पुलिस ने श्री तुषार गांधी को बांद्रा से हिरासत में ले लिया और बाद में उनको डीएन नगर थाने ले जाया गया। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता फिरोज मीठीबोरवाला को उनके आवास से हिरासत में लेकर एमआईडीसी थाने भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित