नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- देश में तस्करी के सोने का संगठित कारोबार करने वाले एक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई की टीम ने 37.74 करोड़ रुपये मूल्य का 29.37 किलोग्राम सोना जब्त किया गया है और 24 सोना वाहक विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
ये सभी अफ्रीकी देश से आ रही थीं।
वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, डीआरआई अधिकारियों ने कल नैरोबी से आने वाली महिलाओं के एक समूह की पहचान की, जो मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय (सीएसएमआई) हवाई अड्डे के माध्यम से बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी करने का प्रयास कर रही थीं।
ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज के तहत 24 विदेशी नागरिकों को रोका गया। त्वरित और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप इन यात्रियों से 25.10 किलोग्राम सोने की छड़ें और 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।
इस मामले से एक ऐसे संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है जो प्रशिक्षित वाहकों और समन्वित तरीकों का उपयोग करके पकड़े जाने से बचने के लिए काम करता था।
मंत्रालय ने कहा है कि डीआरआई देश की आर्थिक और वित्तीय प्रणालियों को कमजोर करने वाले और राष्ट्रीय हितों को खतरे में डालने वाले ऐसे सोने की तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित