मुंबई , अगस्त 01 -- रेलवे ने मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएटी) और महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में स्थित सावंतवाड़ी रोड रेलवे स्टेशन के बीच एक दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में रेल सम्पर्क को बढ़ावा देने के लिए मुंबई के सीएसएटी और सावंतवाड़ी रोड के बीच एक नयी डेली एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह नयी सेवा 510 किलोमीटर के मार्ग पर सीधी, सुविधाजनक और भरोसेमंद रेल सम्पर्क प्रदान करेगी, जिससे पर्यटन, शिक्षा, रोज़गार, व्यापार और सामाजिक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले हज़ारों यात्रियों को लाभ होगा।
रेलवे के अनुसार प्रस्तावित ट्रेन रोज़ाना 'ट्रेन संख्या 15087 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस' और 'ट्रेन संख्या 15088 सावंतवाड़ी रोड-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस' के रूप में चलेगी। यह ट्रेन दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, मानगाँव, वीर, खेड़, चिपलूण , सावरदा, अरावली रोड,संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अदावली, वलीवाडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगाँव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडल और सावंतवाड़ी रोड स्टेशन पर रूकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित