नयी दिल्ली , जून 26 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने पश्चिमी दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम बताया है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, गैस जांच की व्यवस्था और प्रशिक्षित बचाव तंत्र के बिना ऐसे खतरनाक कार्यों में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं साबित करती हैं कि संबंधित विभाग और प्रशासन श्रमिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहे हैं। उनका कहना था कि यदि सुरक्षा मानकों का ईमानदारी से पालन किया जाता तो तीनों मजदूरों की जान बचायी जा सकती थी।

उन्होंने घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतक मजदूरों के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी या उपयुक्त रोजगार तथा सभी आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

श्री यादव ने राजधानी के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में सेप्टिक टैंक और सीवर की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि बिना सुरक्षा उपकरण और आवश्यक अनुमति के किसी भी श्रमिक से ऐसा जोखिमभरा कार्य नहीं कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि कानूनों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित