धार , जून 29 -- मध्यप्रदेश के धार शहर स्थित ऐतिहासिक मुंज सागर तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो गया है। लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से तालाब को विकसित कर इसे प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में तैयार किया जाएगा।
नगरपालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के तहत निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यादेश जारी कर दिया गया है। प्रथम चरण में तालाब की सुरक्षा और अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
योजना के अंतर्गत तालाब के आसपास तीन आधुनिक उद्यान विकसित किए जाएंगे। इनमें हरित क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र तथा वॉकिंग ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा जर्जर घाटों का पुनर्निर्माण तथा किनारों पर पत्थरों की पिचिंग भी कराई जाएगी। धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रतिमा विसर्जन से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए तीन कृत्रिम विसर्जन कुंड भी बनाए जाएंगे, जिससे मुख्य तालाब का जल सुरक्षित और स्वच्छ बना रहे।
नगरपालिका के अनुसार मुंज सागर तालाब शहर के भूजल स्तर को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और हजारों नलकूपों के पुनर्भरण का प्रमुख स्रोत है। इसके संरक्षण से जल संरक्षण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। नगरपालिका के सहायक यंत्री अश्विनी डावर ने बताया कि बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा शेष विकास कार्य भी चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित