मुंगेर , सितंबर 29 -- बिहार के मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके हमलों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने 1.47 करोड़ रुपये की लागत से एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) शेल्टर के निर्माण की परियोजना को मंजूरी दी है।
परियोजना के तहत आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी करने और उनके लिए आश्रय एवं भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम की मेयर कुमकुम देवी ने आज 'वार्ता' को बताया कि परियोजना फिलहाल निविदा की प्रक्रिया में है। निविदा की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सभी 45 वार्डों में आवारा कुत्तों की संख्या का आकलन करने के लिए संबंधित वार्डों के जमादारों को निर्देश दिए गये हैं।
मेयर ने कहा कि आवारा कुत्तों को पकड़कर एबीसी शेल्टर में लाने के लिए एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी निविदा के माध्यम से शुरू कर दी गई है। शेल्टर में कुत्तों को भोजन देने के साथ उनकी नसबंदी की जाएगी, ताकि उनकी आबादी पर नियंत्रण किया जा सके।
इस बीच, नगर निगम के वार्ड पार्षद अमन कुमार और लखन कुमार पंडित ने कहा कि इस पहल से शहर के नागरिकों को आवारा कुत्तों के हमलों से राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मुंगेर की सड़कों पर आवारा कुत्तों का आतंक है। स्कूल जाने वाले बच्चों पर कुत्तों के हमले और उन्हें काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि कुत्ते के काटने के बाद जिला अस्पताल में एंटी रेबीज टीका उपलब्ध है, लेकिन इलाज की प्रक्रिया काफी जटिल है। ऐसे में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित