‎मुंगेर , मई 03 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) संगठन को और अधिक सशक्त एवं कार्यकर्ताओं को दक्ष बनाने के लिए 05 मई से मुंगेर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग स्थानीय विद्या मंदिर में आयोजित किया जायेगा।

‎ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन और सरकार में समन्वय से संबंधित पहलुओं पर प्रकाश डालेंगे तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों एवं कार्य विस्तार के बारे में बताएँगे। इस दौरान श्री चौधरी सरकार की सफलता और उपलब्धियों के बारे में भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराएँगे।

‎‎भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख और बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में जिले के सभी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।

‎‎श्री झा ने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग को भव्य बनाने के लिए जिला के पदाधिकारी लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन के लिए मुंगेर आयेंगे। इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश पार्टी संगठन के कई पदाधिकारी शिक्षण के लिए आयेंगे और कार्यकर्ताओं को संगठन, आदर्श एवं नैतिकता के पाठ पढ़ाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित