मुंगेर , अप्रैल 10 -- बिहार के मुंगेर जिले में जिला परिवहन विभाग चिल्ड्रन ट्रेफिक पार्क का निर्माण करने जा रहा है।

मुंगेर जिला मुख्यालय के किला परिसर में नगर निगम की ओर से संचालित "कंपनी गार्डन पार्क" में जल्द ही जिला परिवहन विभाग "चिल्ड्रन ट्रेफिक पार्क" का निर्माण करने जा रहा है, जो बिहार का पहला "चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क" होगा।

मुंगेर नगर निगम के नगर आयुक्त ने निगम के अधीन संचालित कंपनी गार्डन पार्क में चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क के निर्माण के लिए जमीन की स्वीकृति प्रदान कर दी है। देश के अन्य राज्यों क्रमशः उत्तर प्रदेश, पंजाब ,दिल्ली, महाराष्ट्र में पहले से चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क संचालित है।

जिला परिवहन पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार अलबेला ने शुक्रवार को यहां 'यूनीवार्ता' को बताया कि सड़कों पर दुर्घटनाओं के कारण जो अकाल मौतें हो रही है,उसे देखते हुए " जिला सड़क सुरक्षा समिति " और "सांसद सुरक्षा समिति" की बैठक में मुंगेर में चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क निर्माण का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इसे मुंगेर के सांसद एवं केंद्रीय पशुपालन, मत्स्यपालन, डेयरी और पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की भी सहमति प्राप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित