मुंगेर , मई 27 -- बिहार के मुंगेर जिले में गरीब परिवारों के खिलाड़ियों को अब राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं मिल रही हैं। 55 लाख रुपये की लागत से बने हाईटेक फुटबॉल टर्फ पर अब गरीब परिवारों के लगभग 20 खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं। यह सुविधा मुंगेर मुख्यालय स्थित पोलो मैदान में उपलब्ध कराई गई है। हाईटेक फुटबॉल टर्फ पर खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं, जिससे उनके राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के सपनों को नई उड़ान मिल रही है।

जिला पदाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर के प्रयासों से जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण और गरीब पृष्ठभूमि के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

जिला प्रशासन ने अब क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए भी हाईटेक क्रिकेट टर्फ बनाने की योजना की घोषणा की है। इसके साथ ही मुंगेर मुख्यालय के अलावा तारापुर, हवेली खड़गपुर और धरहरा प्रखंडों में भी एक-एक हाईटेक फुटबॉल टर्फ विकसित किए जाने की योजना है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा मिल सके।

मुंगेर पोलो मैदान में फ्लडलाइट की रोशनी में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जिला पदाधिकारी की सराहना की है। खिलाड़ियों का कहना है कि इस तरह की सुविधाओं से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खेलने की प्रेरणा मिली है।

सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल अकादमी के प्रधान चंदन कुमार, कोच वीरेंद्र कुमार तथा खिलाड़ी राहुल कुमार और आदित्य राज ने कहा कि हाईटेक टर्फ सुविधा मिलने से खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे मेहनत के बल पर बिहार का नाम राष्ट्रीय फुटबॉल मंच पर रोशन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित