मुंगेर , सितंबर 14 -- बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर मुंगेर जिला मुख्यालय को दशकों पुरानी अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने सोझी गंगा घाट के समीप वेंडिंग जोन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जहां 150 फुटकर विक्रेताओं को दुकानें आवंटित की जाएंगी।

मुंगेर नगर निगम की महापौर कुमकुम देवी ने आज बताया कि वेंडिंग जोन के निर्माण के लिए परियोजना निविदा प्रक्रिया में है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वेंडिंग जोन के निर्माण पर एक करोड़ 93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

महापौर ने बताया कि वेंडिंग जोन में फुटकर विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित रूप से दुकानें उपलब्ध करायी जाएंगी। इससे शहर में सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगने वाली दुकानों के कारण उत्पन्न अतिक्रमण की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी। साथ ही, गंगा घाट के समीप विकसित होने वाले इस क्षेत्र से लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और गंगा नदी के प्राकृतिक सौंदर्य का लाभ उठाने का अवसर भी मिलेगा।

इस बीच राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश जैन तथा भाजपा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य संजीव मंडल ने अतिक्रमण की समस्या के स्थायी निदान के लिए वेंडिंग जोन के निर्माण की पहल का स्वागत किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित