मुंगेर , नवंबर 07 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा है कि मुंगेर और भागलपुर के बीच लगभग 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा तथा गंगा नदी के जल का बेहतर प्रबंधन कर किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की योजना पर भी काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 से पहले ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे बिहार के किसी भी व्यक्ति को मजबूरी में मजदूरी करने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े और बेहतर नौकरी, व्यवसाय तथा रोजगार के अवसर राज्य में ही उपलब्ध हों।

श्री चौधरी ने आज मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर स्थित श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए गए।

दीपोत्सव में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत दर्शन और पूजा-अर्चना की तथा मां दुर्गा से बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित