मुंगेर, जुलाई 04 -- िहार के मुंगेर जिले में पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुई 8.82 लाख रुपये की लूट की घटना का 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभिषेक आनंद ने शनिवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज सिंह उर्फ नवीन सिंह, विद्यासागर सिंह उर्फ बक्कू सिंह, बबलू मंडल, नीतीश कुमार और मनोज सहनी के रूप में हुई है। सभी आरोपी मुंगेर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। उनके पास से लूटी गई राशि में से 8.46 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, लूट में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि दो लाइनरों की मदद से तीन लुटेरों ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बोचाही गांव के पास हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 36 घंटे के भीतर पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित