मुंगेर , जून 27 -- मुंगेर जिला मुख्यालय के पूरबसराय थाना क्षेत्र में कपड़े के कारोबारी मोहम्मद हसमत हुसैन उर्फ टीपू को आज सुबह 5:00 बजे उसी इलाके में पुलिस थाने के ठीक सामने रिफ्यूजी कॉलोनी गली में जख्मी अवस्था में पाया गया और बाद में इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जनकारी के अनुसार श्री हुसैन को पिछली रात करीब 12 बजे किसी ने फोन कर बुलाया था और सुबह उन्हें जख्मी हालत में बरामद किया गया। इसके बाद परिजन उन्हें मुंगेर सदर अस्पताल ले गए, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सा और पैरामेडिकल कर्मचारियों पर भी लापरवाही के आरोप लगाये हैं।
श्री हुसैन की मौत के बाद क्रुद्ध नागरिकों ने मुंगेर पूरबसराय मुख्य मार्ग में टायर जलाकर सड़क जाम किया और अपना विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी हत्यारों को फांसी देने और मृतक के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा के भुगतान की मांग कर रहे थे। हत्यारे का अभी पता नहीं चला है, पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित