मुंगेर, मई 28 -- बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड में स्थित ऐतिहासिक और पहाड़ी क्षेत्र ऋषिकुंड इन दिनों मलमास मेले के कारण श्रद्धालुओं से गुलजार है। यह मेला प्रत्येक तीन वर्ष पर आयोजित होता है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचते हैं।श्रद्धालु यहां मौजूद प्राकृतिक गर्म जल स्रोतों में स्नान कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं। बताया जाता है कि ऋषिकुंड क्षेत्र में लगभग 12 प्राकृतिक गर्म झरनों का स्रोत है, जिनका जल विभिन्न छोटे स्रोतों से होकर कुंड में एकत्रित होता है।

मेले के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव, हनुमान, राम, लक्ष्मण और माता सीता की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

स्थानीय मान्यताओं और पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह स्थान श्रृंगी ऋषि की तपोभूमि माना जाता है और यहां की गई मनोकामनाओं के पूर्ण होने की आस्था प्रचलित है। साथ ही यह भी मान्यता है कि यहां स्नान करने से विभिन्न चर्म रोगों से राहत मिलती है और निःसंतान दंपत्तियों को संतान प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित