मुंगेर, मार्च 24 -- सरकार की ओर से मुंगेर सुल्तानगंज भागलपुर और सबौर गंगा पथ परियोजना पर काम शुरू होने से दोनों जिलों के नागरिकों में हर्ष व्याप्त हो गया है।

इस परियोजना को दो हिस्सों में बांटा गया है। मुंगेर सुल्तानगंज गंगा पथ परियोजना 42 किलोमीटर लम्बी है, जिस पर 5119 करोड़ की राशि खर्च होगी, जबकि दूसरे हिस्से में सुल्तानगंज भागलपुर सबौर गंगा पथ परियोजना 40 किलोमीटर की है।

मुंगेर जिले में गंगा किनारे परियोजना से जुड़ी नोएडा की एजेंसी ने चार ड्रिलिंग मशीन गंगा किनारे लगाकर सॉइल टेस्टिंग वर्क शुरू कर दिया है।

इस परियोजना पर का कम शुरू होने के बाद गंगा किनारे ड्रिलिंग मशीन से 80 फीट जमीन के अंदर मिट्टी की खुदाई की जा रही है और प्रत्येक डेढ़ मीटर पर मिट्टी के सैंपल जमा किए जा रहे हैं ।

मिट्टी के सैंपलों की नोएडा स्थित एजेंसी के प्रयोगशाला में जांच की जाएगी और मिट्टी जांच रिपोर्ट आने के बाद गंगा पथ परियोजना की डिजाइन तैयार की जाएगी ।

इस मुंगेर सुल्तानगंज भागलपुर सबौर गंगा पथ परियोजना के पूरा होने से उतरी और दक्षिणी बिहार की कनेक्टिविटी और औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेगी। साथ ही बेरोजगारों को रोजगार के मौका मिलेंगे ।

मुंगेर के जिला पदाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने कहा है कि मुंगेर जिले में मुंगेर सुल्तानगंज गंगा पथ परियोजना पर काम शुरू हो गया है । उन्होंने कहा कि मुंगेर सुल्तानगंज गंगा पथ परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई भी सरकारी स्तर पर तेज कर दी गई है ।

जिलाधिकारी का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने पर न केवल कनेक्टिविटी बढ़ेगी , वरन् औद्योगिक गतिविधियां भी तेज होगी । साथ ही पर्यटकों के अधिक संख्या में आने से बेरोजगारों को रोजगार के मौके भी मिलेंगे।

मुंगेर बंदूक निर्माता संघ के पदाधिकारी संदीप कुमार शर्मा ने गंगा पथ परियोजना शुरू करने के लिए बिहार सरकार को साधुवाद दिया है।

श्री शर्मा का कहना है कि मुंगेर और भागलपुर प्रमंडलों के आर्थिक विकास में गंगा पथ परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित