आगरा , अगस्त 12 -- पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी लेखी ने भारतीय दिव्यांग क्रिकेट और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट का संचालन करने वाली संस्था दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (डीसीसीबीआई) की चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभाली है। आगरा में आयोजित दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड समारोह में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की घोषणा की गई।
लेखी ने कहा कि वह नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, मेहनत और लगन से निभाएंगी तथा दिव्यांग क्रिकेट को देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों से भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने और अपने कर्म को पूरी ईमानदारी से करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "कर्म करते जाइए, रास्ता अपने आप खुलता चला जाएगा।"उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा देश के लिए गौरव का विषय है। उन्हें खेल के मैदान तक सीमित रखने के बजाय समाज में सम्मान, अवसर और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित