रांची , अप्रैल 11 -- झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज रांची के गोस्सनर कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग में आयोजित "सीने फेस्ट" कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।
इस अवसर पर बंधु तिर्की भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री तिर्की ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि मास कम्युनिकेशन का क्षेत्र केवल करियर का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का एक सशक्त उपकरण है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के विद्यार्थी स्वभाव से बेहद रचनात्मक होते हैं और उनका झुकाव "राइट ब्रेन थींकिंग" की ओर अधिक होता है, जिससे उनकी कल्पनाशक्ति, संवेदनशीलता और नवाचार की क्षमता अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक विकसित होती है।
सुश्री तिर्की ने आगे कहा कि मीडिया और संचार के इस युग में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। आज के डिजिटल दौर में जहां सूचना का प्रवाह तेज है, वहीं कई बार प्रोपेगंडा और एजेंडा आधारित सामग्री भी सामने आती है। ऐसे में सत्य और असत्य के बीच अंतर करना और तथ्यों की सही समझ विकसित करना हर युवा की जिम्मेदारी बन जाती है।
सोशल मीडिया के प्रभाव पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि आज की पीढ़ी का बड़ा हिस्सा शॉर्ट वीडियो और रील्स के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इनका अत्यधिक उपयोग एक खतरनाक लत का रूप ले सकता है, जो समय के साथ-साथ मानसिक क्षमता और एकाग्रता पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें और ऐसे कंटेंट को प्राथमिकता दें, जो ज्ञानवर्धक और समाजोपयोगी हो।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों की ऊर्जा, उत्साह और उनके सपनों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज के युवा ही देश का भविष्य हैं। उनकी आंखों में बसे सपने और उनके भीतर की रचनात्मकता आने वाले भारत की नई तस्वीर गढ़ेगी। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने विचारों और प्रतिभा का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करें।
इस अवसर पर बंधु तिर्की ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और जागरूकता ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें।
कार्यक्रम का समापन उत्साह और प्रेरणा के माहौल के साथ हुआ, जहां छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और इस आयोजन को अपने लिए एक महत्वपूर्ण सीख बताया। "सीने फेस्ट" जैसे कार्यक्रम न केवल छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं, बल्कि उन्हें समाज और मीडिया के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर भी प्रदान करते है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित