टेक्सास , जुलाई 04 -- मिस्र ने फीफा विश्वकप नॉकआउट मैच राउंड ऑफ 32 के रोमांचक मुकाबले में अतिरिक्त समय में 1-1 से ड्रा रहने के बाद हुए पेनल्टी शूटाउट में ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से हराकर इतिहास रच दिया है।
एटीएंडटी स्टेडियम में शुक्रवार रात खेले गये मुकाबले में सात बार की अफ्रीकी चैंपियन टीम ने पेनल्टी के दौरान संयम बनाए रखा और चारों पेनल्टी को गोल में बदला। मोहम्मद सालाह की शानदार 'पानेन्का' किक और होसाम अब्देलमजीद की निर्णायक किक ने उन्हें राउंड ऑफ 16 में पहुंचाया, जहां मिस्र का सामना मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और केप वर्डे के बीच होने वाले मैच विजेता होगा।
ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें तब टूट गईं जब हैरी साउटर ने पहली पेनल्टी क्रॉसबार के ऊपर मार दी और फिर युवा डिफेंडर ल्यूक हेरिंगटन ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के चौथे प्रयास में गेंद को बार पर मार दिया, जिससे अब्देलमजीद के लिए आसानी से विजयी गोल करने का मौका बन गया।
पूरे मैच के दौरान में मिस्र की टीम बेहतर नज़र आई। ऑस्ट्रेलिया के क्रिस्टियन वोल्पैटो के शॉट के गोलपोस्ट से टकराने के बाद, इमाम अशौर ने 13वें मिनट में मिस्र की टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। अफ्रीकी टीम ने अपनी बढ़त को और बढ़ाने के कई मौके गंवाए, जिसमें उमर मारमौश का एक बहुत अच्छा मौका चूकना भी शामिल था। उन्हें 55वें मिनट में इसका खामियाजा भुगतना पड़ा, जब डिफेंडर मोहम्मद हनी ने गलती से गेंद को अपने ही नेट में डाल दिया, जिससे स्कोर बराबर हो गया।
दोनों टीमों ने सामान्य समय और अतिरिक्त के बाकी हिस्सों में कुछ मौके बनाए, लेकिन कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सका। सालाह भी पेनल्टी से पहले मैच का फैसला करने का मौका चूक गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित