चंडीगढ़ , जुलाई 09 -- 'बीटेक पानीपूरी वाली' के नाम से देशभर में पहचान बना चुकीं मिशन हेल्दी भारत की संस्थापक तापसी उपाध्याय की मोटापा मुक्त भारत जन-जागरूकता बुलेट यात्रा आज चंडीगढ़ पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में युवा मोर्चा अध्यक्ष अभय झा, महामंत्री प्रिया पासवान, वरिंदर राणा, सचिव रितिक शुक्ला, मीडिया सह-प्रभारी हिताक्षी और प्रवक्ता विनायक बांगिया सहित कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि तापसी उपाध्याय देश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने साबित किया है कि अवसर और परिवार का सहयोग मिलने पर बेटियां हर चुनौती का सामना कर देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल मोटापा मुक्त भारत का संदेश नहीं दे रही, बल्कि महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास और स्वस्थ भारत के संकल्प को भी मजबूत कर रही है।

सुश्री उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने नौ मार्च 2025 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित औघड़नाथ मंदिर से बुलेट बाइक पर मिशन हेल्दी भारत की देशव्यापी जन-जागरूकता यात्रा शुरू की थी। यात्रा का उद्देश्य लोगों को मोटापे के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम और जंक फूड से दूरी बनाकर ही स्वस्थ और मोटापा मुक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित