गोपेश्वर , अप्रैल 17 -- उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चमोली जिले के तीन दिवसीय दौरे पर आए अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन (एडीजीपी) ए.पी. अंशुमान ने शुक्रवार को तीसरे दिन श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव, गोपेश्वर में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सुगम यात्रा की रणनीति तय की।
श्री अंशुमान ने शुक्रवार सुबह पुलिस अधीक्षक (एसपी) चमोली सुरजीत सिंह पँवार संग सर्वप्रथम ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने रुद्रनाथ-गोपीनाथ मंदिर समिति के स्थानीय पुजारियों, तीर्थ पुरोहितों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। जिसमें चारधाम यात्रा व रुद्रनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मंदिर समिति द्वारा यात्रा को और अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिन पर एडीजी ने गंभीरता से संज्ञान लिया। समिति ने सुझाव दिया कि केदारनाथ की ओर से आने वाले यात्रियों को मंदिर मार्ग के माध्यम से गोपीनाथ मंदिर दर्शन को प्रवेश दिया जाए, जिससे अधिक से अधिक यात्री इस पवित्र स्थल के भी दर्शन कर सकें। बैठक में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी अहम चर्चा हुई। बताया गया कि हर वर्ष यात्रा के दौरान नगर क्षेत्र में वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे जाम की स्थिति बनती है। इस पर समाधान के रूप में बड़े वाहनों को मुख्य बाजार क्षेत्र में निर्धारित स्थानों पर पार्क कर श्रद्धालुओं को पैदल भेजने तथा छोटे वाहनों के लिए श्योरा मैदान में पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया गया।
बैठक के दौरान मंदिर समिति एवं स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा यह भी आग्रह किया गया कि चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ जी की यात्रा एक लंबा एवं दुर्गम पैदल ट्रैक है, जहां पूर्व में कई श्रद्धालु मार्ग की समुचित जानकारी न होने के कारण भटक चुके हैं। इस पर सुझाव दिया गया कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अनिवार्य रूप से स्थानीय गाइड उपलब्ध कराया जा सके, ताकि यात्रा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस दौरान एडीजी अंशुमान ने जिलाधिकारी गौरव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश से शिष्टाचार भेंट कर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर मनोज भट्ट, अध्यक्ष मन्दिर समिति, शांति प्रसाद भट्ट, सचिव, मनीष नेगी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हरीश भट्ट उपाध्यक्ष, किशन सिंह बिष्ट कोषाध्यक्ष, क्रांति भट्ट वरिष्ठ पत्रकार, विनय भट्ट, गोपाल दत्त भट्ट, विजय प्रसाद भट्ट,उमेश भट्ट व अन्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित