मिशन आरंभ के जरिए 1.6 लाख से अधिक अभिभावकों को डिजिटल माध्यम से जोड़ा, प्रारंभिक बाल शिक्षा को मिल रही मजबूती: डॉ. बलजीत कौरचंडीगढ़, 13 जुलाई (वार्ता) पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार प्रारंभिक बाल देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को मजबूत करने के लिए डिजिटल नवाचार का प्रभावी उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि मिशन आरंभ के तहत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभिभावकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जोड़कर बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को नयी दिशा दी जा रही है।
डॉ. कौर ने बताया कि प्रथम और रॉकेट लर्निंग के सहयोग से संचालित मिशन आरंभ के तहत अब तक 1.6 लाख से अधिक अभिभावकों को व्हाट्सएप आधारित होम लर्निंग कार्यक्रम से जोड़ा जा चुका है। इस पहल के माध्यम से परिवारों को बच्चों की उम्र के अनुरूप सरल, रोचक और शिक्षाप्रद गतिविधियां उपलब्ध करायी जा रही हैं, जिससे अभिभावक घर बैठे ही बच्चों की पढ़ाई और समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पंजाब के सभी 23 जिलों में लागू किया जा चुका है और इसके तहत 26,209 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष व्हाट्सएप समूहों से जोड़ा गया है। इनमें से करीब 70 प्रतिशत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नियमित रूप से इस डिजिटल मंच पर सक्रिय हैं, जबकि लगभग 35 प्रतिशत को उत्कृष्ट सहभागिता और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए 'गोल्ड मेडल' तथा 'सुपरस्टार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता' के रूप में सम्मानित किया गया है।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों को व्हाट्सएप के माध्यम से हर सप्ताह गतिविधि कैलेंडर, प्रतिदिन शिक्षण वीडियो, इंटरैक्टिव क्विज और विशेष रूप से तैयार की गयी शिक्षण सामग्री भेजी जाती है। इससे घर पर बच्चों की सीखने की प्रक्रिया सरल, रोचक और प्रभावी बन रही है। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से परिवारों के साथ नियमित संपर्क बनाये रखने और बच्चों के संज्ञानात्मक, भाषाई, सामाजिक तथा भावनात्मक विकास में सहयोग करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं। डॉ कौर ने कहा कि मिशन आरंभ राज्य सरकार की उस सोच को साकार कर रहा है, जिसमें अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा का समान भागीदार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि तकनीक, सामुदायिक भागीदारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता के समन्वय से यह पहल बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्षों में मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार करने और उनके समग्र विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित