बैतूल , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मिशनरी प्राथमिक शाला परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति चर्च संचालन और धर्मांतरण से जुड़ी शिकायतों के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी सहित प्रशासनिक टीम ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर की दूसरी इमारत में संचालित धार्मिक गतिविधियों को लेकर नोटिस चस्पा कर भवन पर ताला लगाया गया।

मामले में राष्ट्रीय हिंदू सेना, हिंदू जागरण मंच, कोरकू समाज संगठन सहित अन्य संगठनों ने शिकायत की थी। संगठनों का आरोप है कि स्कूल परिसर में अनुमति के बिना चर्च संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और एक हिंदू परिवार के धर्मांतरण का मामला सामने आया है। हालांकि, इन आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है।

राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला मंत्री राज यादव के अनुसार 27 सितंबर को सदर बाजार स्थित मिशनरी प्राथमिक स्कूल परिसर में इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। संगठन की ओर से मामले में पुलिस द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की बात भी कही गई है।

संगठनों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन देकर स्कूल की लीज, मान्यता, परिसर में धार्मिक गतिविधियों की अनुमति, बच्चों की संख्या और प्रवेश संबंधी रिकॉर्ड सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की मांग की थी।

06 अक्टूबर को प्रशासनिक टीम ने स्कूल पहुंचकर संबंधित दस्तावेज और परिसर में संचालित गतिविधियों की जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने चर्च संचालन से जुड़े लोगों और अनुमति संबंधी दस्तावेजों के बारे में भी जानकारी ली।

अधिकारियों की जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी। धर्मांतरण से संबंधित शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित