पटना , अक्टूबर 28 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना के मिलर हाईस्कूल परिसर स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और कैफेटेरिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इस परियोजना का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए परिसर को अधिक आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाना है। इससे राजधानी में ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, शहरी सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।
परियोजना के तहत ऐतिहासिक पानी टंकी के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए उसका जीर्णोद्धार और नवीनीकरण किया जाएगा। टंकी के चारों ओर गोलाकार पाथ-वे बनाया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में लैंडस्केपिंग और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।
पर्यटकों और अन्य आगंतुकों की सुविधा के लिए यहां एक आधुनिक कैफेटेरिया भवन का भी निर्माण किया जाएगा।
पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा ने मुख्यमंत्री को नगर विकास एवं आवास विभाग और पटना नगर निगम के अंतर्गत क्रियान्वित होने वाली इस परियोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीर्णोद्धार कार्य में न्यूनतम हस्तक्षेप और मूल स्थापत्य स्वरूप के अधिकतम संरक्षण के सिद्धांत का पालन किया जाएगा। इसके लिए पारंपरिक, टिकाऊ और संरचना के अनुकूल सामग्रियों का उपयोग किया जाएगा। इस अवसर पर जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण से संबंधित एक वीडियो फिल्म भी प्रस्तुत की गई।
शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक पानी टंकी परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी आधारभूत संरचना के विकास, ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मिलर हाईस्कूल परिसर स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की पहल इसी संकल्प को आगे बढ़ाती है। ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित रखते हुए परिसर को एक सुव्यवस्थित और आकर्षक विरासत स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित