मिर्जापुर , मई 28 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गुरुवार को अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से जबकि दूसरे की करंट लगने से मृत्यु हुई। राजगढ़ थाना क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे चुनार-चोपन रेलखंड के लूसा रेलवे स्टेशन के दक्षिणी केबिन के पास एक युवक के ट्रेन से कटकर मौत होने की सूचना स्टेशन मास्टर द्वारा दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर चंदौली जिले के लालापुर गांव निवासी विक्रमा के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दूसरी घटना जमालपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव की है। पुलिस के अनुसार गांव निवासी पप्पू पटेल (37) गुरुवार दोपहर अपने घर में बिजली की खराबी ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए।

पप्पू को बचाने के लिए उनकी बेटी आंचल और पत्नी मंजू भी दौड़ीं, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर दूर जा गिरीं। हालांकि दोनों की जान बच गई।

परिजन गंभीर रूप से झुलसे पप्पू पटेल को उपचार के लिए वाराणसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित