मिर्जापुर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित पैंट भी बरामद की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के भरुहना गांव निवासी रमेश चंद्र विश्वकर्मा ने मंगलवार को अपने पुत्र अनिल विश्वकर्मा की हत्या के संबंध में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर के अनुसार, आनन्द विश्वकर्मा ने अनिल के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। सुरागरसी, इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने के बाद मुखबिर की सूचना पर थाना देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी आनन्द कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू (40) निवासी बड़ा सखौरा फतहा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अनिल के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान गाली-गलौज होने पर उसने आवेश में पास में रखी एल्युमिनियम की डेकची से अनिल पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रक्तरंजित पैंट बरामद की है। घटनास्थल से ब्ल्यू लाइम देशी शराब का पाउच और गिलास भी बरामद किए गए हैं। मामले में थाना देहात कोतवाली में मुकदमा संख्या 413/2026 के तहत बीएनएस की धारा 105 में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित