, Feb. 16 -- मिर्जापुर, 16 फरवरी। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के श्रीपट्टी गांव में सोमवार सुबह एक युवा दम्पति ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि श्रीपट्टी गांव निवासी उमाशंकर विश्वकर्मा ने सूचना दी कि उनके पुत्र रोहित विश्वकर्मा (27) और पुत्रवधू सरस्वती (23) ने कमरे के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी है। बताया गया कि रविवार रात दोनों भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे।
सोमवार सुबह देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित